मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन के तहत जनपद चंपावत, पिथौरागढ़ और STF की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला को गिरफ्तार कर 10.23 करोड़ की एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद किया गया है। ये उत्तराखंड में अब तक की सिंगल सीजर की सबसे बड़ी कार्यवाही है। पुलिस अब अभियुक्ता के पति राहुल कुमार और सहयोगी कुनाल कोहली की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दे रही है। इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में संभावित नेपाल व अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क (विशेषकर नाइजीरियाई गिरोह) की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र गढ़ीगोठ पुल, पम्पापुर (टनकपुर) में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान 5 किलो 688 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹10.23 करोड़ से अधिक आंकी गई है। इस दौरान चंपावत जिले के बनबसा की एक महिला ईशा को गिरफ्तार किया गया। महिला को पुलिस टीम ने काले पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में नहर की ओर भागते देखा, जिसे रुकवाकर पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर वंदना वर्मा की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग MDMA (मेथाएम्फेटामीन) बरामद की गई। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस टीम को ₹50,000 के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। गिरफ्तार महिला ने बताया कि उक्त मादक पदार्थ उसके पति राहुल कुमार और उनके सहयोगी टनकपुर निवासी कुनाल कोहली 27 जून को पिथौरागढ़ से लाए थे। दोनों अभियुक्त मौजूदा समय में ठाणे (मुंबई) में पंजीकृत एक एनडीपीएस मामले में वांछित हैं। आज महिला को मादक पदार्थ को शारदा नहर में नष्ट करने को कहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।
10.23 करोड़ की एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद, एक महिला गिरफ्तार
Posted on by AJAY PANDEY
1 min read

+ There are no comments
Add yours