देहरादून के परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय खेल दिवस पर भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और ‘खेलो इंडिया’ तथा ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने युवाओं को नई दिशा दी है। सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड में नई खेल नीति लागू की गई है और समाप्त हो चुके खेल कोटे को पुनः प्रारंभ कर 4 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में भी सेवायोजित किया जा रहा है। हाल ही में राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन कर 103 पदक हासिल किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की शुरुआत होगी। लक्ष्य है कि उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेल भूमि’ के रूप में भी पहचान दिलाई जाए।
कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज का युवा खेलों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव और शहर से खिलाड़ी निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति से युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
+ There are no comments
Add yours