बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने चारों धामों के परिसरों में रील बनाने पर रोक के फैसले को व्यावहारिक निर्णय बताया है। उन्होंने यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं के पहुंचने को राज्य की आर्थिकी के लिए सुनहरा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सबकी सहभागिता बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यात्रा व्यवस्थाओं की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं वह ग्राउंड जीरो पर जाकर यात्रियों से फीडबैक ले रहे हैं। यह आमजन और श्रद्धालुओं में उत्साह भरने वाला कदम है। महेंद्र भट्ट ने कहा साल दर साल तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या प्रदेश की आर्थिकी के लिए सुनहरा अवसर है। लिहाजा सरकार के साथ हम सभी सवा करोड़ देवभूमि वासियों का भी दायित्व है कि राज्य की मेहमाननवाजी की शानदार तस्वीर श्रद्धालु लेकर जाएं, जिसके लिए सबसे जरूरी है सड़क, आवास, पानी, स्वास्थ्य, खानपान, संचार आदि की व्यवस्था दुरुस्त हो। उसके लिए धामों की क्षमता के अनुसार ही लोगों को वहां पहुंचना भी जरूरी है। ऐसा करने में तात्कालिक रूप से स्थानीय व्यवसायियों को कुछ नुकसान नजर आ सकता है। लेकिन धीरे-धीरे यात्रा आगे बढ़ने पर बड़े लाभ के रूप में उन्हें स्थाई रूप से प्राप्त होने वाला है। बिना पंजीकरण यात्रा की अनुमति न देने के फैसले का भी उन्होंने स्वागत किया।
+ There are no comments
Add yours