बदलते मौसम को लेकर दून मेडिकल कालेज अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग अग्रवाल ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि हम लोग पहाड़ी राज्य के निवासी हैं, यहां पर रात को बहुत ठंड हो जाती है और दिन में बहुत ज्यादा गर्मी होती है। ऐसे में आपको अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। इस मौसम में मच्छरों के पनपनें का सीजन भी बनता है। अपने आसपास पानी जमा न होने दें।अगर आपको मच्छर का लारवा मिलता है तो उसे खत्म कर दें।सभी लोग पानी खूब पिएं और यदि 50 किलो का आदमी है तो उसे 4 से 6 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। पानी वाले फल जैसे तरबूज ककड़ी खरबूजा यह फल जरुर खाने चाहिए और फास्ट फूड से दूरी बनाए रखें क्योंकि फास्ट फूड खाने के बाद शरीर में पानी की कमी बढ़ जाती है। आपको बता दें कि चिलचिलाती धूप के साथ हीट वेव चलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। राजधानी देहरादून की गर्मी ने बीते 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दून में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री बढ़ोतरी के साथ 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है आने वाले कुछ दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ हीट वेव परेशान करेगी।
+ There are no comments
Add yours