उत्तराखंड में इको फ्रेंडली माउंटेन ट्रेल्स विकसित किए जाने से ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। केंद्र सरकार ने हाल ही में अपने बजट में उत्तराखंड सहित हिमालयी राज्यों में इको-फ्रेंडली माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना को शामिल किया है। उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने केंद्र सरकार के इस पहल की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इको-फ्रेंडली माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना से उत्तराखंड को लाभ होगा और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। आपको बता दें कि उत्तराखंड जैसे राज्य में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कई सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की ओर से उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां पर पर्यटक नहीं पहुंच पाते हैं। अब केंद्र सरकार की इस योजना को लेकर पर्यटन सचिव ने कहा कि केंद्र के सहयोग से एक ठोस कदम उठाया जाएगा। केंद्र सरकार ने अपने बजट में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं, जिनमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में इको-फ्रेंडली माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना है, जिससे ट्रेकिंग और हाइकिंग जैसे प्रकृति-आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। केंद्र सरकार ने होमस्टे के लिए मुद्रा ऋण प्रदान करने की घोषणा की है, जिससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में होमस्टे उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। केंद्र सरकार पर्यटन बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसमें सड़क, पुल, पेयजल और अधोसंरचना शामिल हैं।
+ There are no comments
Add yours