बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राज्यसभा के प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया है। विधानसभा में चार सेट में दाखिल किए गए नामांकन के दौरान महेंद्र भट्ट के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, सभी कैबिनेट मंत्री और भाजपा विधायक मौजूद रहे। महेंद्र भट्ट ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि केंद्र की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में एक छोटे से कार्यकर्ता से लेकर विधायक प्रदेश अध्यक्ष और अब राज्यसभा सांसद के रूप में उनको कार्य करने का मौका मिला है इसके लिए उन्होंने अपने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। आपको बता दें कि राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी का कार्यकाल 2 अप्रैल को खत्म हो रहा है। प्रदेश में राज्यसभा की तीनों सीटों पर पहले से ही बीजेपी का कब्जा रहा है और अब एक बार फिर से अनिल बलूनी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद महेंद्र भट्ट उनकी जगह ले रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने महेंद्र भट्ट को शुभकामनाएं दी हैं और उन्होंने भी इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है।
+ There are no comments
Add yours