ऋषिकेश में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रामझूला क्षेत्र में पैर फिसलने के कारण गंगा के तेज बहाव में बहे एक युवक को SDRF, जल पुलिस और आपदा राहत दल की संयुक्त टीम ने सूझबूझ से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। यह युवक बहते हुए पशुलोक बैराज से ठीक पहले नदी के बीच बने एक टापू पर पहुंच कर फंस गया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण और जल पुलिस के हरीश गुसाईं ने बताया कि पशुलोक बैराज से पहले गंगा नदी के बीच बने टापू पर एक युवक को फंसा देख घाट पर घूम रहे कुछ पर्यटकों ने तुरंत इसकी सूचना जिला कंट्रोल रूम को दी। दलदल में फंसा युवक हाथ हिलाकर लगातार मदद की गुहार लगा रहा था। सूचना मिलते ही त्रिवेणी घाट पर तैनात SDRF, जल पुलिस और आपदा राहत दल की संयुक्त टीम बिना वक्त गंवाए हरकत में आई। टीम राफ्ट के जरिए नदी के बीच बने टापू पर पहुंची। नदी का बहाव तेज था और टापू पर दलदल होने के कारण स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद, रेस्क्यू टीम ने अत्यंत सावधानी और त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को सुरक्षित दलदल से बाहर निकाला और राफ्ट के माध्यम से किनारे लेकर आई। ययवक की पहचान विनोद सिंह निवासी शीशम झाड़ी, मुनि की रेती के रूप में हुई है। विनोद सिंह ने बताया कि वह परमार्थ निकेतन के पास भेलपुरी का ठेला लगाते हैं। आज रामझूला क्षेत्र में अचानक पैर फिसलने के कारण वह गंगा में गिर गए और पानी के तेज बहाव में बहते चले गए, जिसके बाद वह टापू पर आकर फंस गए।
+ There are no comments
Add yours