आगामी 5 फरवरी से उत्तराखंड विधान सभा का सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके लिए विधानसभा सचिवालय ने बाकायदा अधिसूचना जारी कर दी है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा है कि सत्र 5 फरवरी से 8 फरवरी तक के लिए आहूत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सत्र सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया जाएगा। विधानसभा के इस सत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसमें क्या एजेंडा रहेगा और यह सत्र किसलिए बुलाया जा रहा है इसको लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है। उन्होंने कहा कि एजेंडा जानने के बाद ही पार्टी की ओर से अधिकृत बयान जारी किया जाएगा। हालांकि इस बीच विधानसभा सत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने यह भी साफ किया है कि सदन के भीतर राज्य आंदोलनकारियों के 10% क्षैतिज आरक्षण को लेकर मुद्दा आएगा तो इसमें उनकी पार्टी पूरा समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एन डी तिवारी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल के दौरान राज्य आंदोलनकारियों के 10% क्षैतिज आरक्षण को लेकर कवायद की गई थी, लेकिन राजभवन सचिवालय की ओर से इसको लेकर आगे कार्रवाई नहीं की गई। इसीलिए यह मामला बीच में ही रुका रहा। उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे को हमारी पार्टी ने ही उठाया है उसमें हम पूरा समर्थन करेंगे।
+ There are no comments
Add yours