उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी अब अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने की कवायद में जुट रही है। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली बड़ी सफलता के बाद उत्तर प्रदेश के सपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ उत्तराखंड के सपा कार्यकर्ताओं में भी इस जीत से बड़ी ऊर्जा का संचार हुआ है। उत्तराखंड में राज्य गठन के बाद से समाजवादी पार्टी पूरी तरह से हासिए पर है और पार्टी लगातार अपनी सियासी जमीन को तलाश रही है। ऐसे में अब लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश में सपा को मिली बड़ी जीत के बाद उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी नए सिरे से संगठन को मजबूत करते हुए आगामी चुनाव के लिए रणनीति बनाने में जुट गई है। सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण सचान ने कहा कि आगामी चुनाव के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा निर्देश के तहत कार्यकर्ता काम करेंगे। आपको बता दें कि उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन के सहयोगी के रूप में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन किया था लेकिन प्रदेश की सभी पांचो लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव हार गए हैं। अब प्रदेश में आगामी दिनों में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है और इसके बाद होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर भी समाजवादी पार्टी अपनी तैयारी में जुटी है। उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी का जनाधार लगातार खिसकता जा रहा है। ऐसे में सपा अब नए सिरे से पार्टी को मजबूत करने की कवायद में जुट रही है। राष्ट्रीय नेतृत्व की अनदेखी और ठोस नीति न होने के चलते समाजवादी पार्टी अन्य दलों के मुकाबले प्रदेश में काफी कमजोर है।
+ There are no comments
Add yours