उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच की संस्तुति की है। स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता की अनुरोध और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से न्याय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है और राज्य सरकार ने बिना किसी विलंब के कार्रवाई की। मुख्यमंत्री ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था और सभी अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रभावी और सशक्त पैरवी सुनिश्चित की, जिससे अभियुक्तों को जमानत नहीं मिल सकी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिले थे और उन्होंने सीबीआई जांच का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और स्वर्गीय अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तथ्य या साक्ष्य की अनदेखी नहीं की जाएगी और सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है।
अंकिता भंडारी मामला, सीएम धामी ने की CBI जांच की संस्तुति
Posted on by M.ADMIN
1 min read

+ There are no comments
Add yours