उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस-2025 का उद्घाटन किया। इस तीन दिवसीय सम्मेलन का मुख्य विषय “विकसित भारत @2047: विकास भी, विरासत भी” है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पब्लिक रिलेशंस केवल सूचना संप्रेषण का माध्यम नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण और प्रभावी अंग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और जनता के बीच सही, समयबद्ध और भरोसेमंद संवाद स्थापित करना जनसंपर्क की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, सुशासन, धार्मिक एवं पर्यटन प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भविष्य की पीआर प्रणाली को तेज, तकनीकी रूप से सक्षम और जनभावनाओं के प्रति संवेदनशील बनाना होगा। इसका मुख्य उद्देश्य जनसंपर्क के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता को बढ़ावा देना, विकसित भारत @2047 की दृष्टि को साकार करने में जनसंपर्क की भूमिका पर चर्चा करना है। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया तथा कॉन्फ्रेंस स्थल पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ ही विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण कर स्थानीय कला एवं शिल्प को प्रोत्साहन दिया। देहरादून 13 से 15 दिसंबर तक 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस की मेज़बानी कर रहा है, जिसमें देशभर के जनसंपर्क एवं कम्युनिकेशन प्रोफेशनल्स भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर अपर सचिव और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को पीआरएसआई द्वारा सुशासन में उत्कृष्टता हेतु राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
+ There are no comments
Add yours