देवभूमि उत्तराखंड समान नागरिक आचार संहिता को लेकर पूरे देश के लिए नजीर पेश करने वाला राज्य बन रहा है। 5 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान सदन के पटल पर यूसीसी के ड्राफ्ट को रखा जाएगा। उत्तराखंड बीजेपी ने यूसीसी ड्राफ्ट सौंपे जाने और विधानसभा सत्र में पेश करने की घोषणा का स्वागत किया है। आपको बता दें कि 2 फरवरी को यूसीसी की कमेटी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना ड्राफ्ट पेश करेगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि वासियों से किया एक और वादा पूरा करने का समय आ गया है। महेंद्र भट्ट ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता भाजपा की वैचारिक और सैद्धांतिक प्रतिबद्धता है। जनता को एक समान कानून व्यवस्था देना, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में पार्टी का विधानसभा चुनाव के दौरान देवभूमि से किया वादा है। दो वर्ष की मैराथन बैठकों, सभी पक्षों, हितधारकों के सुझाव एवं मशवरे और कमेटी की अथक मेहनत के बाद आखिरकार वह दिन नजदीक है जब 2 फरवरी को ड्राफ्ट हमे मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि हम सबके लिए बेहद प्रसन्नता का विषय है कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर विधानसभा में प्रस्तुत करने करेगी। हमारी मंशा स्पष्ट है कि ड्राफ्ट को सदन से पास कर शीघ्र अति शीघ्र राज्यपाल से इस पर संस्तुति कराई जाए ताकि धार्मिक विषमता के आधार पर कानूनी भेदभाव की इस व्यवस्था समाप्त करने की शुरुआत देवभूमि से हो।
देवभूमि उत्तराखंड समान नागरिक आचार संहिता को लेकर पूरे देश के लिए नजीर पेश करने वाला राज्य बन रहा है
Posted on by AJAY PANDEY

+ There are no comments
Add yours