उत्तराखंड में चारधाम यात्रा लगातार जारी है। प्रत्येक धाम में 5 से 6 हजार तीर्थयात्री प्रतिदिन दर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा मार्गों पर बाधित सभी सड़कों को सुचारू करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में पिछले दिनों 480 मार्ग आपदा और भूस्खलन के चलते बाधित हो गए थे। इन सड़कों में 380 को आवागमन के लिए सुचारु कर दिया गया है। अभी 100 और मार्ग ऐसे हैं जिनको दुरुस्त करने का काम जारी है। कई जगहों पर ज्यादा डैमेज होने की वजह से सड़कों को व्यवस्थित करने में समय लग रहा है। प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा है कि अगले दो से तीन दिनों में सभी बाधित सड़कों को आवागमन के लिए सुचारु कर लिया जाएगा। उन्होंने मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों के लिए प्रदेश में जारी मौसम की चेतावनी पर भी सभी जिलों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले कुछ दिनों में कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा है कि अभी सभी राजमार्ग, जिला मार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों को आवागमन के लिए सुचारु किया जा रहा है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश और भूस्खलन के चलते कई अन्य जगहों पर सड़कों के डैमेज होने की संभावना है।
+ There are no comments
Add yours