श्रद्धालुओं के बीच चारधाम यात्रा की आड़ लेकर कुछ नशेड़ी और हुड़दंगी प्रवृत्ति के लोग भी धाम क्षेत्र या धाम के पड़ावों तक आ रहे हैं। यात्री वाहनों के सीतापुर व सोनप्रयाग क्षेत्र में आने पर वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया जा रहा है। पुलिस के स्तर से धाम क्षेत्र और यात्रा पड़ावों पर अर्मादित आचरण करने वालों और नशे का सेवन करने वालो के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के लिए ऑपरेशन मर्यादा चलाया जा रहा है। विगत दिवस सांयकाल सोनप्रयाग पार्किंग में पुलिस टीम ने देखा कि गाजियाबाद के कुछ युवक महिन्द्रा थार वाहन की छत में बैठकर मदिरा पान कर रहे थे। उनसे इन हरकतों की बाबत पूछताछ की तो उल्टा रौब गालिब करने लगे। पुलिस टीम ने तुरन्त इनके इस कृत्य को रुकवाकर, इनको यहां की मर्यादा का पाठ पढ़ाते हुए सख्त हिदायत दी। अपने इस कुकृत्य की इनके द्वारा भले ही माफी मांग दी गयी हो परन्तु केदारनाथ यात्रा के विभिन्न पड़ावों सहित धाम क्षेत्र में ऐसा कृत्य अक्षम्य है। पुलिस ने इनके विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए इनको सोनप्रयाग क्षेत्र से वापस भेज दिया है। जनपद पुलिस की ऐसे अर्मादित तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर कर रहे थे हुड़दंग, रुद्रप्रयाग पुलिस ने उतार दी खुमारी
Posted on by AJAY PANDEY

+ There are no comments
Add yours