उत्तराखंड में पहले चरण में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को मतदान होना है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर से चुनाव प्रचार अभियान को तेज कर रहे हैं। बीजेपी के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कई जनसभाएं कर चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी लगातार जनसभाएं करके भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। वहीं अभी तक कांग्रेस की ओर से स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी नहीं की गई है। यहां तक कि कांग्रेस का कोई बड़ा केंद्रीय नेता उत्तराखंड में प्रचार करने अभी तक नहीं पहुंचा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मन में कई तरह से सवाल उठने लगे हैं। स्टार प्रचारकों की रैली को लेकर जब करन माहरा से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जल्द ही हमारी कई बड़ी रैलियां होंगी। हम उत्तराखंड में उन नेताओं को लेकर आएंगे जो यहां की रीति-नीति को समझते हैं। उन्होंने कहा कि हम राहुल गांधी को लाएंगे, जब अंकिता भंडारी की हत्या हुई थी तब उन्होंने पूरा एक दिन उसके न्याय को समर्पित किया था, जब जोशीमठ भू धसांव हुआ था तब उन्होंने बड़े-बड़े भू वैज्ञानिकों को बुलाकर चर्चा की थी। हम ऐसे लोगों को लाएंगे जो यहां की परिस्थिति और यहां के विकास पर बात करते हैं।
+ There are no comments
Add yours