12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां शारदा की पावन धरती बनबसा में एसएसबी जवानों, छात्रों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। सीएम ने योग को रोज की आदत बनाने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। सबने एक साथ सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन और अनुलोम-विलोम किया। सीएम ने कहा कि योग सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं है। इसे हमें अपनी रोज की जिंदगी का हिस्सा बनाना है। योग मन को शांत करता है, शरीर को मजबूत बनाता है। आज तनाव और अवसाद के दौर में योग सबसे बड़ा प्राकृतिक इलाज है। मैं युवाओं से कहूंगा नशे से दूर रहो, योग से जुड़ो। स्वस्थ रहोगे तो प्रदेश आगे बढ़ेगा। मंच से सीएम ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाना है। इसके लिए देश की पहली योग नीति लागू हो चुकी है। योग-ध्यान केंद्र खोलने पर 20 लाख तक सब्सिडी, रिसर्च के लिए 10 लाख तक अनुदान। प्रदेश में 5 नए योग हब बन रहे हैं। हर आयुष वेलनेस सेंटर में योग सेवा मिलेगी। बनबसा को आध्यात्मिक हब बनाने के लिए 3300 करोड़ की शारदा कॉरिडोर परियोजना पर काम चल रहा है। पहले चरण में 179 करोड़ से शारदा घाट का कायाकल्प शुरू।
+ There are no comments
Add yours