केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने अफवाह फैलाने के मामले में FIR दर्ज की है। प्रशासन का कहना है कि धाम में यात्रा पूरी तरह सुचारू है। केदार सभा भी व्यवस्थाओं पर संतोष जता चुकी है। पुलिस ने साफ किया है कि धाम की छवि खराब करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं इस मामले में केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने कहा है कि केदारनाथ धाम और उत्तराखंड के सभी चारों धाम आस्था का केंद्र हैं, जो लोग वहां पर आ रहे हैं वह पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ आते हैं। भारत के कोने-कोने से लोग आते हैं, विदेशों से भी लोग आते हैं और सभी लोग आस्था और श्रद्धा के भाव से ही आते हैं। ऐसे में कुछ लोग वहां पर रील बनाने के लिए पहुंच रहे हैं, वीडियो बनाने के लिए पहुंच रहे हैं, वह उनका अपना निजी मामला है। हालांकि बद्री केदार मंदिर समिति ने मंदिर परिसर और उसके आसपास रील बनाने के लिए रोक लगाई है। अब कुछ लोग प्रशासन की व्यवस्थाओं में भी व्यवधान डालने का काम कर रहे हैं और गलत जानकारी सोशल मीडिया के जरिए लोगों में फैला रहे हैं, जो ठीक नहीं है और ऐसे लोगों पर कार्यवाही जरूरी है। गढ़वाल मंडल के आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि सभी जगह व्यवस्थाएं चाक चौबंद है लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया में अफवाह फैला रहे हैं जो ठीक नहीं है और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाकर श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे अराजक तत्वों पर FIR दर्ज की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निश्चिंत होकर धाम में आएं।
+ There are no comments
Add yours