14 अप्रैल को दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे की सौगात, सुरक्षा-व्यवस्था पर सीएम की पैनी नजर
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को स्वयं मोर्चा संभालते हुए गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड एवं मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता समेत तमाम आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की अधिकारियों से एक-एक कर जानकारी ली। उन्होंने दो टूक कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को रत्ती भर भी असुविधा न हो।
सीएम धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने का विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से काम हो। यातायात का सुव्यवस्थित प्लान बने और आपातकालीन सेवाएं हर हाल में तत्पर रहें। जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य इंतजामों पर उन्होंने जोर दिया कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप कोई कसर न रहे। साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। “पीएम मोदी के मन में उत्तराखंड बसता है और उत्तराखंड के लोगों के मन में उनका अपार सम्मान है। जब भी वे आते हैं, प्रदेश को बड़ी सौगात देकर जाते हैं।”
14 अप्रैल को पीएम मोदी उत्तराखंड-यूपी सीमा पर गणेशपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद डाट काली मंदिर में दर्शन और गढ़ी कैंट के जसवंत ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। एक्सप्रेस-वे शुरू होने से दिल्ली-देहरादून की दूरी महज ढाई घंटे की रह जाएगी।
+ There are no comments
Add yours