उत्तराखंड कांग्रेस में चल रही सियासी हलचल के बीच प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का बयान सामने आया है। पिछले दिनों रामनगर के संजय नेगी की दिल्ली में जॉइनिंग रुकने, पूर्व सीएम हरीश रावत की नाराजगी और सियासी उपवास, फिर विधायक हरीश धामी का हरक सिंह रावत पर पलटवार और सामूहिक इस्तीफे की चर्चाओं ने कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों को हवा दी थी। इन सबके बीच पहली बार प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मीडिया से बात की। गोदियाल ने पार्टी में गुटबाजी की खबरों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं से अपील की गई है कि सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी न करें और पार्टी को मजबूत करने में सहयोग दें। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के उत्तराखंड दौरे पर गोदियाल ने कहा कि सभी नेता दौरे की तैयारी में जुटे हैं और कोशिश है कि दौरा सफल रहे। सदस्यता अभियान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सदस्यता प्रक्रिया लगातार चल रही है, लेकिन साथ ही यह भी ध्यान रखा जाएगा कि जो कार्यकर्ता जमीन पर पार्टी के लिए काम कर रहा है, उसका पूरा ख्याल रखा जाए।
+ There are no comments
Add yours