उत्तराखण्ड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रथम बैठक लोक भवन में आयोजित की गई

1 min read

उत्तराखण्ड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रथम बैठक लोक भवन में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने की। बैठक में कुलपति अमित कुमार सिन्हा ने विश्वविद्यालय की स्थापना और योजनाओं के बारे में जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट खेल संस्कृति के निर्माण का सशक्त संस्थान बनना चाहिए और युवाओं को “ग्राम से ओलंपिक” तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।

 

उन्होंने विश्वविद्यालय को अन्य खेल विश्वविद्यालयों के साथ समझौता ज्ञापन करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण, शोध, तकनीक और विशेषज्ञता का आदान-प्रदान हो सके। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें पहचानकर व्यवस्थित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है।

 

विश्वविद्यालय का मुख्यालय गौलापार, हल्द्वानी में स्थापित है, जिसे “मिशन ओलंपिक 2036” के लक्ष्य के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के सफल संचालन के लिए वाइस चांसलर की स्वायत्तता को अनिवार्य बताया, ताकि वे बिना किसी बाहरी प्रभाव के निर्णय ले सकें। बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आशीष चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल, अपर सचिव नवनीत पाण्डे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours