देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा शीतलहर को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंदवर्धन और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख सचिव विनोद कुमार सुमन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां हर मौसम अलग चुनौतियां लेकर आता है। शीतकाल में हिमस्खलन, सड़क बंद होने, स्वास्थ्य सेवाओं और बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए सभी विभागों के बीच समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में बरसात के दौरान विभागों के समन्वित प्रयासों से आपदा के प्रभाव को काफी हद तक कम किया गया। कार्यशाला में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शीतलहर से निपटने को लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि इस मंथन से प्रदेश शीतकालीन आपदाओं से निपटने के लिए और अधिक तैयार होगा।
+ There are no comments
Add yours