भाजपा ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर वंदेमातरम@150 की संगठन स्तर पर की शुरुआत

0 min read

भाजपा ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर वंदेमातरम@150 की संगठन स्तर पर शुरुआत की है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजेय कुमार के नेतृत्व में वंदेमातरम गीत का मौलिक स्वरूप में सामूहिक गायन किया गया।

पार्टी मुख्यालय में इस अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा, वंदेमातरम गीत राष्ट्र आराधना और देशभक्ति की भावना के प्रवाह का गान है। इसी की प्रेरणा से असंख्य लोगों ने आजादी के लिए कुर्बानियां दी, स्वतंत्रता संग्राम की मशाल के लिए प्राणवायु की तरह इस गीत का योगदान रहा। लेकिन बेहद दुर्भाग्य रहा कि आजादी दिलाने का ढोल पीटने वाली कांग्रेस ने ही इसे तुष्टिकरण की राजनीति के चलते, कभी वह सम्मान नहीं दिया, जिसका यह हकदार था। पहले यह गीत उनके अधिवेशनों में पूरा गया जाता था, लेकिन वर्ग विशेष को खुश करने के लिए इसे काट छांट कर गाया जाने लगा। इस राष्ट्रगीत रचना के 50 वर्ष और 100 वर्ष के अवसर भी आए होंगे, लेकिन पिछली सरकारों ने हमेशा उन्हें नजरअंदाज किया।लेकिन बड़े गर्व और उत्साह की बात है कि मोदी जी की प्रेरणा से इस गीत का 150वाँ वर्ष अभूतपूर्व तरीके से मनाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि देश को आजादी दिलाने वाला गीत, राष्ट्रीय एकता और समृद्धता की सबसे मजबूत कड़ी बनें। हम देश पर प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों से विरासत में मिले इस राष्ट्रीय गीत को मूल मंत्र की तरह नई पीढ़ी को सौंपना चाहते हैं। इसलिए मोदी जी की प्रेरणा से संचालित इस अभियान से पार्टी जन जन को जोड़ रही है।
इस अवसर प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजेय कुमार ने कहा, वन्देमातरम गीत भारत राष्ट्र की आत्मा में रचा बसा है। जिसे पिछली कुछ पीढ़ियों में विशेष राजनीति करने वालों ने विस्मृत कराने का प्रयास किया है। जनदबाव में इसे राष्ट्रगीत तो स्वीकारा, लेकिन इसको वर्ग विशेष की नाराजगी के डर से संक्षिप्त करने का पाप किया गया। लेकिन भारतीय जनता पार्टी और देश की राष्ट्रवादी जनता के मनमस्तिष्क में इस गीत का हमेशा सर्वोच्च स्थान रहा है। उन्होंने बताया, सरकार के स्तर पर इस गीत का मौलिक स्वरूप में पूर्ण गायन सभी शिक्षण संस्थाओं, सरकारी कार्यालयों में सामूहिक रूप में तो किया जा रहा है। लेकिन भाजपा संगठन भी अगले 26 नवंबर, संविधान दिवस तक राष्ट्रगीत का सामूहिक गान, प्रत्येक जिला कार्यालय एवं मंडल स्तर तक के सभी कार्यक्रमों में करेगा। इसके अतिरिक्त गोष्ठियों एवं विशेष चर्चा कार्यक्रमों के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रभक्ति के अभियान से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान, प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में राष्ट्रध्वज फहराया गया और देशभक्ति के नारे के बीच कार्यकर्ताओं में मिष्ठान वितरित किया गया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours