भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा राजधानी देहरादून में उत्तर क्षेत्रीय राज्यों के नागरिक उड्डयन मंत्रियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उड़ान योजना से एयर कनेक्टिविटी में क्रांति आई है। इसके साथ ही मौसम पूर्वानुमान सिस्टम को मजबूत करने के लिए अलग नीति व पर्वतीय विमानन ढांचा बनाया जाना चाहिए। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों को हेली सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि पर्वतीय राज्यों की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा के संचालन, बुनियादी ढांचे के लिए सब्सिडी दी जाए।
वहीं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि उड़ान योजना से हवाई यात्रा सुलभ हुई है। पिछले 10 वर्षों में देश में एयरपोर्ट के साथ हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। नायडू ने कहा उड़ान योजना 2.0 से देश में एयर कनेक्टिविटी बढ़ेगी। इससे चार करोड़ यात्रियों को लाभ होगा।देश के हर क्षेत्र को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ना है। इसके लिए क्षमता विकास के साथ इंफ्रास्ट्रेक्चर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसमें राज्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नोएडा के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जेवर के बनने से 10 लाख रोजगार के अवसर मिलेंगे। एयरपोर्ट के निर्माण कार्य से ही पांच लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। 500 एकड़ जमीन में बने एयरपोर्ट की 70 हजार से एक लाख तक रोजगार सृजन की क्षमता होती है।
+ There are no comments
Add yours