देहरादून से बड़ी खबर, नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर 156 दिनों से धरने पर बैठे नर्सिंग अभ्यर्थियों का सब्र आज टूट गया। एकता विहार धरना स्थल पर आंदोलनरत नर्सिंग एकता मंच के चार अभ्यर्थी सुबह पानी की टंकी पर चढ़ गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि 156 दिन के धरने और 22 दिन के आमरण अनशन के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। टंकी के नीचे भी नर्सिंग एकता मंच के सदस्य धरना दे रहे हैं। इस प्रदर्शन को उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा और महिला कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल का भी समर्थन मिला है। स्वाभिमान मोर्चा अध्यक्ष बॉबी पवार और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी धरना स्थल पहुंचे। ज्योति रौतेला खुद टंकी पर चढ़कर अभ्यर्थियों के साथ बैठी। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की कोई सुनवाई नहीं कर रही है। बॉबी पवार ने कहा कि सरकार लगातार नर्सिंग अभ्यर्थियों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।
+ There are no comments
Add yours