भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष 2-3 मई को उत्तराखंड का दौरा करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देना है। राजधानी देहरादून में स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं और इसे संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और आगामी कार्यक्रमों को लेकर संगठन और अधिक सक्रिय होगा। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता कुँवर जपेन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पद संभालने के बाद यह उनका पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे लेकर प्रदेशवासियों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में आकर वे आशीर्वाद लेंगे और उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित पार्टी के सभी नेता उनके स्वागत के लिए तैयार हैं और पूरा शहर इस दौरे को लेकर उत्साहित नजर आ रहा है।
उत्तराखंड में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा
कांग्रेस प्रभारी का उत्तराखंड में दौरा 6 मई से
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का 6 से 11 मई तक उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी दी कि प्रभारी ऋषिकेश से शुरू होकर श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, चमोली और बद्रीनाथ तक जाएंगी, जबकि वापसी टिहरी के रास्ते होगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले देहरादून, ऊधमसिंह नगर और मसूरी का दौरा काफी सफल रहा था, जिसके सकारात्मक असर को देखते हुए यह दूसरा दौरा तय किया गया है। इसके अलावा आगे भी दो और दौरे प्रस्तावित हैं, जिनमें विकासनगर, चकराता, उत्तरकाशी और टिहरी के शेष क्षेत्रों के साथ-साथ अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं।
+ There are no comments
Add yours