सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 का समापन, सीएम धामी ने किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर, टिहरी में भारतीय सेना और उत्तराखंड पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 के समापन समारोह में शामिल हुए। सीएम ने विजेताओं को सम्मानित किया और कहा कि यह आयोजन साहसिक पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देगा।

सीएम धामी ने बताया कि इस चैलेंज में भारतीय सेना के 100 जवानों के साथ देशभर से करीब 200 साहसिक ट्रैकर्स ने भाग लिया। हाई एल्टीट्यूड मैराथन के तहत प्रतिभागियों ने केदार-बद्री ट्रेल पर हेलंग से कलगोट, कलगोट से मंडल होते हुए उखीमठ तक 113 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। सीएम ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट परिचय दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभागियों ने बद्रीनाथ, केदारनाथ धाम सहित पंच केदार को जोड़ने वाले ऐतिहासिक और आध्यात्मिक मार्ग की यात्रा भी की। उन्होंने कहा कि सेना सीमाओं की रक्षा के साथ युवाओं को प्रेरित करने वाले ऐसे आयोजनों से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है। इस तरह के आयोजन युवाओं में अनुशासन, साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करते हैं।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का युवा आत्मविश्वास से भरा है और सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। राज्य सरकार एंगलिंग, राफ्टिंग, कयाकिंग, ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग, साइक्लिंग और माउंटेनियरिंग जैसी गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से बढ़ावा दे रही है। औली से ऋषिकेश और मुनस्यारी से टिहरी झील तक उत्तराखंड का हर क्षेत्र साहसिक पर्यटन का सशक्त केंद्र बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत सीमावर्ती गांवों के विकास पर काम हो रहा है। पीएम के हर्षिल-मुखबा प्रवास के दौरान कई साहसिक खेलों को बढ़ावा मिला। सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों का व्यापक नेटवर्क बनने से आवागमन सुगम हुआ है और पर्यटन, व्यापार व सामरिक विकास को मजबूती मिली है।

गढ़वाल स्काउट के मेजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि 113 किलोमीटर लंबी इस प्रतियोगिता का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन बढ़ाना और पारंपरिक यात्रा मार्गों को पर्यटन से जोड़ना था। 16 अप्रैल को बद्रीनाथ में एक्सपो के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। 17 अप्रैल को हेलंग से कलगोट, 18 अप्रैल को कलगोट से मंडल और 19 अप्रैल को मंडल से उखीमठ तक मैराथन आयोजित की गई।

इस अवसर पर विधायक विनोद कण्डारी, मध्यकमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, ओलम्पिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह बेनीवाल, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours