उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कुछ दिनों पहले प्रेमनगर इलाके के मांडूवाला जंगल में मिली एक अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि महिला का पहला पति ही निकला। मामला देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है, जहां कुछ दिनों पहले मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास एक अज्ञात महिला का शव बोरे में बंद मिला था। शव करीब 4 से 5 दिन पुराना था और चेहरा बुरी तरह खराब हो चुका था, जिससे शिनाख्त करना नामुमकिन लग रहा था। एसएसपी देहरादून परमेंद्र डोबाल ने बताया कि मृतिका रूपा मजदूरी करती थी और उसका पहला पति रंजीत भी मजदूरी का करता है। मृतका रूपा ने 4 साल पहले किसी और से शादी कर ली थी, जिसके बाद आरोपी पति ने भी दूसरी शादी कर ली। एक साल पहले महिला अपने दूसरे पति को छोड़कर फिर से आरोपी के संपर्क में आ गई थी। एक महीने पहले वह अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ देहरादून पहुंची और आरोपी पर दबाव बनाने लगी कि वह अपनी दूसरी पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहे। इसी खींचतान और दबाव से तंग आकर आरोपी पति ने खौफनाक कदम उठाया और अपनी पहली पत्नी की हत्या कर लाश को बोरे में भरकर जंगलों में ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
+ There are no comments
Add yours