उत्तराखंड में मौसम अस्थिर, बर्फबारी, ओलावृष्टि व बारिश की चेतावनी जारी

 

उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है और आने वाले दिनों में इसका असर लगातार देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिक सीएस तोमर के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है, जो आगामी दिनों तक जारी रह सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर 3300 मीटर से ऊपर, बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 19 और 20 मार्च को यह गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जहां कई स्थानों पर बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाएं बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे नुकसान की संभावना बनी हुई है।देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और उधमसिंहनगर में भी तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। 20 मार्च को मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा, जिसमें भारी बारिश और तेज हवाएं उत्तर की ओर शिफ्ट होती नजर आएंगी। 21 मार्च को भी हल्की गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, हालांकि 22 मार्च के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। फिलहाल मौसम विभाग ने 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours