बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे को लेकर संगठन ने तेज की तैयारियां

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 मई से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून आ रहे हैं। इस दौरान वे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की रणनीति पर चर्चा करेंगे और मंत्रियों व कोर कमेटी के साथ बैठकें करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी, बैठकों की रूपरेखा और संगठनात्मक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर प्रदेश नेतृत्व लगातार समन्वय में जुटा हुआ है और मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठकें भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर विभिन्न जिलों तक जहां-जहां कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे, उन स्थानों की जानकारी जिलाध्यक्षों से जुटाई जा रही है। दौरे के दौरान कोर कमेटी, मंत्री समूह, प्रदेश पदाधिकारियों और सोशल मीडिया टीम की अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, मेयर, नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्षों के साथ भी संवाद कार्यक्रम तय किए गए हैं। दीप्ति रावत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन से जुड़े हर सक्रिय कार्यकर्ता के साथ संवाद स्थापित करेंगे और प्रदेश में संगठन की स्थिति तथा आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही प्रबुद्धजन गोष्ठी और युवाओं के साथ वार्ता जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours