राजधानी में देर रात एयर अटैक की काल्पनिक सूचना पर व्यापक मॉक ड्रिल की गई। सायरन बजते ही शहर के कई हिस्सों में 30 मिनट का ब्लैकआउट लागू कर दिया गया। घंटाघर, आईएसबीटी, आराघर और रायपुर क्षेत्र में बमबारी के परिदृश्य बनाए गए। सूचना के अनुसार आराघर के पास रोड पर एक बिना फटा बम गिरने की स्थिति बनाई गई, जिसकी जांच बम निरोधक दस्ते ने की। वहीं आईएसबीटी में बम धमाके का सीन क्रिएट किया गया, जिसमें 40 से 50 लोगों के हताहत होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस टीमों ने 10 घायलों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से दून अस्पताल भेजा। ड्रिल में सेना, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने राहत-बचाव का अभ्यास किया। कंट्रोल रूम से हालात की रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई। बम निष्क्रिय करने से लेकर आपात सेवाएं बहाल करने तक की तैयारियों को परखा गया। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की कि घबराएं नहीं, यह केवल मॉक ड्रिल है। आपदा से निपटने के लिए एजेंसियों की तत्परता और आपसी समन्वय जांचने के लिए यह अभ्यास किया गया।
देहरादून में एयर अटैक मॉक ड्रिल, ब्लैकआउट के बीच परखी तैयारी
Posted on by M.ADMIN

+ There are no comments
Add yours