देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार के कुख्यात कल्लू गैंग के सदस्य और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को गिरफ्तार कर लिया है। राजा साहनी उड़ीसा के कटक जिला कारागार से जेल तोड़कर फरार हो गया था और पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। उड़ीसा पुलिस को जब उसकी लोकेशन ऋषिकेश क्षेत्र में मिली, तो उन्होंने दून पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसे नटराज चौक से टिहरी रोड स्थित सुमन पार्क के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। राजा साहनी बिहार के बेगूसराय का निवासी है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ उड़ीसा में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य राज्यों में भी उसके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।
+ There are no comments
Add yours